सेवा संकल्प अभियान रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य -कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी —– कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने रक्तदान शिविर में सम्मिलित होकर रक्तदाताओं से संवाद किया
पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने शिविर में रक्तदान किया —– सिविल अस्पताल मैहर में रक्तदान शिविर से जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत
(मैहर) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा और जनसहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल मैहर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसी के साथ जिले में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। शिविर में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी सम्मिलित हुईं और रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह ने रक्तदान कर नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। रक्तदान के माध्यम से हम जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने शिविर में रक्तदान करने वाले नागरिकों से संवाद किया तथा उनके अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में सेवा भाव को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है। सिविल अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं रक्त संग्रह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने नागरिकों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति स्वेच्छा से रक्तदान करें और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सेवा का प्रत्येक छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है।
