सतत् रुप से करें खनिज परिवहन कर रहे ओव्हर लोड वाहनों पर कार्यवाही
राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा कर दिये आवश्यक निर्देश
कटनी – माफिया के विरुद्ध कार्यवाही एवं कानून व्यवस्था के संबंध में संबंधित विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। पुलिस कन्ट्रोल रुम में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने निर्धारित एजेण्डे की बिन्दुवार समीक्षा की। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधितों को दिये।
शुक्रवार को आयोजित संयुक्त बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने 1 सितम्बर को प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि इस संबंध में जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। सभी निकायों में कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन कराने आवश्यक कार्यवाही की जाये। बिना मास्क और सोशल डिस्टेन्स का पालन ना करने पर कार्यवाही भी संबंधित विभागीय अधिकारी करें।
बैठक में भू-माफियाओं पर कार्यवाही, खाद्य एवं राशन की कालाबाजारी पर कार्यवाही, कृषि खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्यवाही, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन और मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्यवाहियों का विस्तार से रिव्यू किया गया। साथ ही तेजी से इन सभी बिन्दुओं पर त्वरित एवं सख्त कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा संबंधित अमले को दिये गये।
समीक्षा बैठक में खनिज परिवहन के ओव्हर लोडिंग के मामलों में कार्यवाही सतत् रुप से कार्यवाही जारी रखने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। उन्होने कहा कि वाहनों में ओव्हर लोडिंग के लगाये गये पटरों को हटाने की कार्यवाही जारी रहे। सभी संबंधित मामलों में रेण्डम और प्रभावी कार्यवाही भी अधिकारी सुनिश्चि करें।
भूमि कब्जे को लेकर प्रकरणों में शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण करने के लिये कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया। इसके साथ ही अवैध कॉलोनी पर भी कार्यवाही करने के निर्देश श्री मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर रोमोनुस टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र केडिया सहित पुलिस, राजस्व व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

