औषधियां हमारी पुरातन धरोहर, घरों में ही मौजूद है कई बीमारियों का इलाज
घुघरा नर्सरी में किया आयुष आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन, औषधि पौधों का हुआ वितरण
कटनी – देश वर्ष 2021-22 को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। आयुष विभाग द्वारा भी इस महोत्सव में अनेक गतिविधियां वर्षभर संचालित करने की योजना बनाई गई है। इसी के तहत विभाग आयुष आपके द्वार कार्यक्रम से घरों में औषधीय पौधों के रोपण के लिये औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण प्रारंभ किया गया है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिले में औषधीय पौधों के वितरण का कार्य घुघरा नर्सरी संजय निकंुज में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय और जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे मौजूद रहे। उद्यान विभाग द्वारा संचालित नर्सरी मंे आयोजित कार्यक्रम की विधायक श्री पांडेय व जिला पंचायत सीईओ ने पूजन कर शुरूआत की।
इस अवसर पर विधायक श्री पांडेय ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि औषधि हमारी पुरातन धरोहर के समान हैं। हमारे घर के किचिन, आंगन व बगीचों में ही कई चीजें व पौधे ऐसे हैं, जिनका हमको ज्ञान नहीं होता है ,जबकि वे कई बीमारियों का सटीक इलाज होते हैं। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पौधों का जो वितरण कर रहा है, उससे लोगों का हमारे आयुर्वेद के प्रति ज्ञान बढे़गा।
वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री गोमे ने आयुष विभाग द्वारा कोरोना कॉल में किए गए कार्य और औषधीय पौधों के लाभ को लेकर लोगों को जागरूक किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि प्रदेश में आयुष विभाग, उद्यानिकी, वन व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से प्रति जिला 1500 पौधों का वितरण उद्यानिकी विभाग की सरकारी नर्सरी से हितग्राहियों को किया जाना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार से गतिविधियां प्रारंभ की गईं हैं। किचिन गार्डन में औषधीय पौधों को लगाने की अवधारणा अंतर्गत पूरे देश में 75 लाख पौधों का वितरण किया जाना है।
पौधे रोपने के साथ किया गया वितरण
आयुष आपके द्वार राष्ट्रीय अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पांडेय, जिला पंचायत सीईओ ने औषधीय पौधों का रोपण भी किया। साथ ही आधा सैकड़ा हितग्राहियों को पौधों का वितरण भी किया गया। आयुष विभाग ने पौधों के वितरण के साथ ही उनके औषधि गुणों की जानकारी भी मौजूद लोगों को दी। इस दौरान जिला उद्यानिकी अधिकारी एसके त्रिपाठी सहित अन्य जन मौजूद थे।
