आकस्मिक निरीक्षण कर संयुक्त जांच दल द्वारा जिले की विभिन्न तहसीलों में अलग-अलग खनिजों के किये गये 19 वाहन जप्त
(छिन्दवाड़ा) कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण की रोकथाम के लिये निरंतर कार्य किया जा रहा है । इसी कड़ी में गत दिनों राज्य शासन द्वारा निर्धारित विशेष जांच दल उड़नदस्ता और खनिज विभाग छिंदवाड़ा के संयुक्त जांच दल द्वारा जिले की विभिन्न तहसील क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की गई। संयुक्त जांच दल द्वारा खनिज परिवहन वाहनों की जांच के दौरान खनिज परिवहन से संबंधित रॉयल्टी पर्ची की जांच की गई और जिले की विभिन्न तहसीलों में जांच अभियान चलाकर अलग-अलग खनिजों के 19 वाहनों को जप्त कर अलग-अलग थानों की अभिरक्षा में खड़ा किया गया।
जिला खनिज अधिकारी श्री मनीष पालेवार ने बताया कि जिले की तहसील सौंसर में खनिज रेत एवं डोलोमाइट का अवैध रूप से ओवरलोड परिवहन करते हुए 5 डम्पर व 6 ट्रैक्टर ट्रॉली, तहसील पांढुर्णा में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर ट्राली, तहसील छिंदवाड़ा में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुये एक ट्रैक्टर ट्रॉली व 4 डंपर तथा तहसील जुन्नारदेव में खनिज कोयला का अवैध परिवहन करते हुये एक ट्रक पाया गया। इन 19 वाहनों से खनिज का अवैध रूप से परिवहन किया जाना पाते हुए शासकीय रूप से जप्त कर खनिज सहित पुलिस थाना उमरानाला चौकी, सौंसर, रेमंड चौकी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, दमुआ और देहात थाना की अभिरक्षा में आगामी आदेश तक खड़ा किया गया है। वाहनों पर खनिज नियमाधीन प्रावधानों के अंतर्गत खनिज का अवैध परिवहन किए जाने से प्रकरण दर्ज किया जाकर कलेक्टर न्यायालय के समक्ष निर्णय व जुर्माना अधिरोपित किये जाने के लिये प्रकरण प्रेषित करने की कार्यवाही की जायेगी। संयुक्त दल द्वारा जिले में स्थित रेत खदान क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया तथा नियमानुसार जांच की गई । जिले में रेत के अवैध स्टॉक से संबंधित कार्यवाही के दौरान विशेष जांच दल के प्रमुख श्री धनराज काटोलकर, सहायक खनि अधिकारी एवं उड़नदस्ता प्रभारी भोपाल, सहायक खनि अधिकारी सिवनी एवं मंडला श्री खातरकर एवं श्री देवेश मरकाम, माइनिंग इंस्पेक्टर जबलपुर श्री देवेंद्र पटले, प्रभारी अधिकारी मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड जबलपुर श्री आलोक सक्सेना, माइनिंग इंस्पेक्टर छिंदवाड़ा सुश्री स्नेहलता ठवरे, श्री महेश नगपुरे एवं खनिज विभाग का संयुक्त अमला सम्मिलित था।

