मध्यप्रदेश नंबर 1 की ओर अग्रसर हो, यही हम सब का हो लक्ष्य – विधायक संजय सत्येंद्र पाठक
प्रदेश के साथ गरिमामय तरीके से जिले का भी मनाया जाए स्थापना दिवस- विधायक श्री जायसवाल
जागृति पार्क में मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
कटनी – स्वतंत्रता दिवस पर जिस प्रकार आजादी का पर्व हम मनाते आ रहे हैं। उससे हर बच्चे-बच्चे के दिल में देशप्रेम का जज्बा जागता है। उसी प्रकार लोग एक सूत्र में बंधे और जनता का आपस में जुड़ाव हो, इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन प्रारंभ किया। मध्यप्रदेश के स्थापना से लेकर 50 साल तक जो काम नहीं हुआ, उसे वर्तमान सरकार ने किया। देश के साथ ही हमारे बच्चों को अपने प्रदेश से लगाव हो, इसको लेकर आज कार्यक्रमों का आयोजन स्थापना दिवस पर किया जा रहा है। यह बात मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर जागृति पार्क माधवनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेन्द्र पाठक ने कही। विधायक श्री पाठक ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री प्रदेश को एक परिवार मानते हैं और परिवार एकजुट रहे, प्रदेश के विकास को लेकर हर कोई सोचे, इसी उद्देश्य के साथ गरिमामय तरीके से स्थापना दिवस मनाने का क्रम प्रारंभ किया गया है। प्रदेश नंबर 1 की ओर अग्रसर हो, इसके लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से देश की उन्नति के लिए प्रदेश की उन्नति का होना जरूरी है, उसी तरह से प्रदेश की उन्नति के लिए हर जिले की उन्नति जरूरी है। विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से हम गरिमामय तरीके से प्रदेश का स्थापना दिवस मना रहे हैं, उसी तरह से अपने जिले के स्थापना दिवस पर भी गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन होना चाहिए। जिसमें स्थापना से लेकर अभी तक हुए विकास कार्यों के साथ ही आगामी योजनाओं का भी प्रदर्शन हो। विधायक श्री जायसवाल ने मंच से सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों को विधायक निधी से राशि देने की बात कही।
इससे पहले अतिथि विधायक श्री पाठक, मुड़वारा विधायक श्री जायसवाल सहित जिला पंचायत प्रधान ममता पटेल, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी सुनील कुमार जैन, डीएफओ आरसी विश्वकर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी व उनके परिजनों का भी स्थापना दिवस पर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम के दौरान राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति, उत्कृष्ट कार्य पर हुआ सम्मान
स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विवेक विश्वकर्मा ने गीत और पलक गुमास्ता ने भारतनाट्यम के माध्यम से तालियां बटोरी तो अन्य कलाकारों ने भी देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। साथ जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों को भी मंच से अतिथियों ने सम्मानित किया। जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने पर जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत सिमराकला के ग्राम रोजगार सहायक संतकुमार राय, स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य में पटवारी विवेक बहरे रीठी, दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारी नगर निगम अशोक भैयालाल, शिक्षक अखिलेश कुमार दहायत माध्यमिक शाला देवगांव रीठी, कोविड वैक्सीनेशन कार्य को लेकर डाटा मैनेजर नितिन तपा, वैक्सीनेशन व कुपोषण पर बेहतर काम करने पर खिरिया बहोरीबंद की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कु. रीना ठाकुर, उपयंत्री मधु भलावी, कोविड वैक्सीनेशन में उत्कृष्ट कार्य करने पर सुयश बर्मन, बोधराम रजक, एएनएम श्वेता मल्होत्रा, वाहन चालक अनिल मिश्रा, आशा कार्यकर्ता आशा मिश्रा को मंच सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस पर कार्यक्रम से पूर्व जागृति पार्क में वाद विवाद प्रतियोगिता व मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया था। जिसमें वाद विवाद प्रतियोगिता में पक्ष छात्रा अदिति उरमलिया व विपक्ष में हेमंत कुमार गुप्ता, मैराथन बालिका वर्ग में स्वाति मोर्य, संगीता सिंह, दीपाली चौधरी व बालक वर्ग में सागर चौधरी, अर्जुन कुशवाहा, हरिचंद्र यादव को भी अतिथियों ने पुरस्कृत किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, एएसपी मनोज केडि़या सहित गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

