कटनी क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई
600 किलोग्राम महुआ लाहन किया गया जप्त
कटनी – जिले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन, विक्रय एवं निर्माण की रोकथाम के लिये आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को आबकारी वृत्त बहोरीबंद अंतर्गत विभागीय अमले द्वारा कार्रवाई करते हुये अवैध मदिरा एवं महुआ लाहन जप्त कर संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को आबकारी विभाग द्वारा आबकारी वृत्त बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम करहिया, मतवाररीहार, रैपुरा, कैमोरी, घुघरा में दबिश दी गई। इस दौरान 600 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया है। कार्रवाई में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं च के तहत 3 न्यायालयीन प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं। इस कार्रवाई में जप्तशुदा महुआ लाहन तथा अवैध शराब का अनुमानित मूल्य 30 हजार रुपये है। मौके पर महुआ लाहन का सैम्पल लेकर आबकारी दल द्वारा नष्ट कर दिया गया है।
