सभी के सहयोग से कटनी को बनाएंगे स्वच्छता में नंबर-1- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा
खजुराहो सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने प्लाग रन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
शहर की सड़कों में सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
(कटनी) – स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में इंदौर में राज्य स्तरीय प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कटनी में हुआ। जिसमें अतिथि के रूप में खजुराहो सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रथम चरण में ‘‘दौड़ेगा मध्यप्रदेश – जीतेगा मध्यप्रदेश प्लाग रन सह स्वच्छता श्रमदान रैली का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि श्री शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के साथ स्वच्छता जागरूक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से छात्रों ने नगर का भ्रमण करते हुए लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
छात्रों की रैली के साथ ही सांसद श्री शर्मा के साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारी , कर्मचारियों ने निगम कार्यालय परिसर से प्लॉग रन रूट पर श्रमदान करते हुए मार्ग में झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। मार्ग के सूखे कचरे, कागज पन्नी आदि को उठाने के साथ ही प्रतिष्ठानों में जाकर निकलने वाले गीले व सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने और कचरा नगर निगम के वाहनों में ही डालने की अपील की।

इस दौरान सांसद श्री शर्मा ने कहा कि कटनी नगर को स्वच्छता में नंबर एक बनाने के लिए हम सभी ने मिलकर संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी मिलकर नगर को स्वच्छता में अव्वल लाने काम करेंगे। स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता का भाव उत्पन्न करने आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि आमजन भी स्वच्छ नगर बनाने के लिए नगर निगम को सहयोग प्रदान करें। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और कचरे को नगर निगम की गाडि़यों में ही डालें। श्री शर्मा ने आम नागरिकों, समाज के सहयोग, घर-घर में जागरूकता, जनप्रतिनिनिधयों के प्रयासों व प्रशासन की मेहनत से नगर को स्वच्छता के उच्च शिखर में ले जाने की बात कही।
दुकानदारों से की नगर को स्वच्छ बनाने की अपील
प्लॉग रन रूट पर छात्रों ने लोगों को जागरूक करने के साथ ही सफाई भी की। साथ ही मिशन चौक से चांडक चौक मार्ग में पड़ने वाली दुकानों के संचालकों से संपर्क कर दुकानों का कचरा डस्टबिन में रखने, आसपास पर्याप्त सफाई रखने भी जागरूकक किया। आजाद चौक से चांडक चौक में प्लॉग रन के दौरान ओव्हर ब्रिज के निचले हिस्सों की सफाई, नदीपार स्थित मुख्य मार्गो के डिवाईडर व सफाई का कार्य करते हुए बस स्टैंड स्थित ऑडिटोारियम परिसर में प्लाग रन का समापन स्वच्छता व अमानक पॉलिथीन का उपयोग न करने की शपथ दिलाकर किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

