कटनी जिले के 7788 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि खातों में अंतरित
(कटनी) – बहन निराशा नाम किसने रख दिया। निराशा- माता पिता ने रख दिया। कोई बात नही, नाम भले ही माता- पिता ने निराशा रखा है लेकिन बहन आशा से भरी है।
कुछ इस तरह का संवाद प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री योजना ग्रामीण सबको आवास 2024 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से कटनी की ग्राम पंचायत गुलवारा की हितग्राही निराशा बाई से वर्चुअल चर्चा के दौरान किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राही निराशा बाई से पूछा कि वो मकान बनाने के लिए सामग्री कहाँ से खरीदेंगी, जिसपर हितग्राही ने बताया कि वह कटनी से सामान लेंगी। श्री चौहान ने निराशा बाई से कहा कि कोई ठग न ले, बेटे के साथ जाना, ठहराकर पैसा देना। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन इसका इंतजाम करे की हितग्राहियों को मकान बनाने सस्ती सामग्री कैसे मिले। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निराशा बाई से इस बात की भी जानकारी ली कि उन्हें और कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। निराशा बाई ने बताया कि उनको अनाज, पेंशन मिल रही है और रसोई गैस भी मिली है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला हितग्राही को आश्वस्त किया कि प्रदेश और केंद्र सरकार गरीबों के साथ है और हर संभव मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राही निराशा बाई के साथ मौजूद विधायक संदीप जायसवाल व कलेक्टर प्रियंक मिश्रा से भी कहा कि हितग्राहियों को समय पर किश्त मिले और अगली किश्त में देरी न हो, इस पर वे भी नजर बनाए रखें। इस दौरान कटनी जनपद अध्यक्ष शैलेश तिवारी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ जगदीश चन्द्र गोमे भी मौजूद थे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रदान किए स्वीकृति पत्र
द्वारका भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया और उसके बाद जिले के हितग्राहियों को अतिथि के रूप में मौजूद विधायक संदीप जायसवाल, जनपद अध्यक्ष शैलेष तिवारी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्वीकृति पत्रों व बधाई पत्रों का वितरण किया। जिला पंचायत सीईओ श्री गोमे ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राहियों के खातों में पहली किश्त जारी की, उसमें कटनी जिले के 7788 हितग्राहियों को राशि खातों में भेजी गई है। साथ ही जिला स्तरीय व विकासखंड स्तरीय कार्यक्रमों के दौरान 17059 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र बांटे गए जबकि आवास पूर्ण कर चुके 74 हजार 629 हितग्राहियों को बधाई पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय, जनपद पंचायत के अधिकारी व हितग्राही मौजूद थे।

