अवैध काँलोनियाँ विकसित करने वालों के खिलाफ कराएँ एफआईआर – कलेक्टर कौशेलेन्द्र विक्रम सिंह

(ग्वालियर) अवैध काँलोनियों में अवैध निर्माण तोड़ने के साथ साथ संबंधित काँलोनाइजर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराएँ। यह निर्देश कलेक्टर श्री कौशेलेन्द्र विक्रम सिंह ने अंतर विभागीय समन्वय बैठक में जिले के सभी एसडीएम एवं नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने जोर देकर कहा अवैध काँलोनी विकसित करने की प्रवृत्ति को सख्ती से रोका जाए।

सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुए बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों एवं संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि ग्वालियर शहर में अभियान बतौर अवैध काँलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में जानकरी दी गई कि एंटी माफिया अभियान के तहत मई माह के अंत तक शहर की लगभग 60 अवैध काँलोनियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी।           कलेक्टर श्री सिंह ने भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने पर जोर देते हुए कहा सरकारी जमीन पर अवैध  कब्जा करने वालों के साथ कोई रियायत न हो। उन्होंने कहा सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के साथ साथ दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी कराएँ। कलेक्टर ने पुख्ता रणनीति बनाकर अवैध उत्खनन,परिवहन और भंडारण पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब एवं मिलावटखोरी से जुड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने वन,जनजाति कल्याण,लोक निर्माण,बैंकिग इत्याद से संबंधित शिकायतों के निराकरण में संतुष्टि का प्रतिशत कम होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए प्रदेश में प्रथम 5 स्थान में शामिल होने का लक्ष्य रखकर सभी विभाग शिकायतों का निराकरण करें।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने सीएम राइस स्कूलों के लिए जल्द से जल्द जमीन की व्यवस्था करने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए। साथ ही नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले सभी सरकारी स्कूलों की साफ-सफाई व एक रूपता के साथ पुताई कराने के लिए भी कहा। बैठक में सरकार के अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी एवं अपर कलेक्टर श्री इच्छित गढ़पाले सहित जिले के सभी एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तरिय अधिकारी मौजूद थे।

जल सहेजने के लिए इस साल जिले में बनेंगे 200 तालाब   कलेक्टर श्री कौशेलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि इस साल की बरसात से पहले जिले में अमृत सरोवर अभियान के तहत हर हाल में 200 तालाबों का निर्माण कराएँ, जिससे इन तालाबों में बरसात के पानी को रोका जा सके। उन्होंने कहा तालाब निर्माण में सक्षम लोगों का भी सहयोग लें।खासतौर पर विभिन्न निर्माण कार्यों इत्याद से जुड़े ठेकेदारों से आग्रह कर उनकी जेसीबी मशीनों का उपयोग तालाब निर्माण में करें,जिससे सरकार व समाज के साझा प्रयासों  से ग्रामीण अंचल में अच्छे सरोवर तैयार हो सकें।

किसानों को खाद के अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित करें   कलेक्टर श्री कौशेलेन्द्र विक्रम सिंह ने उप संचालक कृषि को निर्देश दिए कि विभागीय अमले के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों के लिए खाद का अग्रिम उठाव करने के लिए प्रेरित कराएँ। वर्तमान में सरकारी गोदाम लक्ष्मीगंज व पुतलीघर तथा डबरा व भितरवार के गोदाम और निजी खाद विक्रेताओं के यहाँ पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद उपलब्ध है। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले की सभी सरकारी व निजी खाद दुकानों में उपलब्ध खाद का सत्यापन कराने के निर्देश भी बैठक में दिए। साथ ही कहा कि माँग के अनुसार समय से खाद का भंडारण कराया जाए,जिससे किसानों को आगे जलकर खरीफ के लिए खाद मिलने में कोई दिक्कत न हो।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें