इनडोर स्टेडियम बरही का औचक निरीक्षण कर लिया जायजा, निर्माण एजेंसी को दिए निर्देश
आवश्यक सुधार करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण, समय सीमा में करें पूर्ण:- सीईओ शिशिर गेमावत
(कटनी)- बैडमिंटन कोर्ट इंडोर स्टेडियम के निर्माणाधीन कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में आवश्यक सुधार करते हुए पूर्ण करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ एवं सदस्य सचिव जिला खनिज प्रतिष्ठान, शिशिर गेमावत ने शनिवार को बैडमिंटन कोर्ट इनडोर स्टेडियम बरही ,जनपद क्षेत्र बड़वारा का निरीक्षण कर जायजा लेते हुए निर्माण एजेंसी एवं टेक्निकल विंग को दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीईओ श्री गेमावत ने कहा कि जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत बैडमिंटन कोर्ट का स्लोप, बेसमेंट आदि का तकनीकी परीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार कर शीघ्र पूर्ण कराएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परिसर की लागत, पूर्णता का समय एवं अन्य विषय वस्तु की जानकारी निर्माण एजेंसी एवं तकनीकी अधिकारियों से ली। सीईओ ने तकनीकी अधिकारियों को निरंतर निगरानी करते हुए क्रीड़ांगन परिसर को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि निर्माणाधीन कार्य को शीघ्र पूर्ण करते हुए स्थानीय ग्रामीणों से संतुष्टि पूर्ण प्रमाण पत्र प्राप्त कर ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने की कार्रवाई अतिशीघ्र की जाए ताकि खेलकूद के इच्छुक, उत्सुक युवा एवं आम नागरिक इस भवन का उपयोग कर सकें। इसी प्रकार निर्माणाधीन खितौली में चल रहे खेल स्टेडियम की प्रगति का निरीक्षण कर जायजा लिया। निर्माण कार्य की प्रगति में तेजी लाकर कार्य को पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

घुघरी के अमृत सरोवर का किया निरीक्षण
जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत द्वारा जनपद क्षेत्र विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत चपना के ग्राम घुघरी में निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से मजदूरी के भुगतान एवं कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं के विषय में संवाद कर जानकारी ली।
स्वच्छता परिसर की निर्माण की प्रगति को देखा
खितौली में ही स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों का सीईओ जिला पंचायत द्वारा निरीक्षण किया गया एवं उपयंत्री त्रिभुवन सिंह को सामुदायिक स्वच्छता परिसर थाने के पास एवं सैग्रीगेशन शेड के निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तथा समय सीमा में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान कार्यपालन यंत्री आर ई एस जी एस खटीक, हरि सिंह ठाकुर, सीईओ जनपद के के पांडे, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, सहायक यंत्री के के गुप्ता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

