कलेक्टर अवि प्रसाद की पहल पर बैंको से स्वरोजगार हेतु ऋण प्राप्त करने वृहद रोजगार मेले का आयोजन साधूराम स्कूल में

(कटनी)- शासन की स्वरोजगार मूलक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन रविवार 29 जनवरी को साधूराम स्कूल प्रांगण में किया जा रहा है।

निगमायुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने बताया कि रोजगार मेले में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जाकर जरूरतमंद पात्र हितग्राहियों को आवेदन वितरित कर योजना से लाभान्वित करने की कार्यवाही की जायेगी।

            रोजगार मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मेले में  विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए स्टॉल लगाये जायेगे। साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों एवं बैकर्स को आमंत्रित कर  पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण कराने की कार्यवाही  प्रशासन द्वारा की जायेगी।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत शिक्षित बेरोजगार कर सकेंगे ऋण हेतु आवेदन

जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर साधूराम स्कूल में आयोजित रोजगार मेले के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत इच्छुक शिक्षित बेरोजगारो को स्वरोजगार हेतु बैकों से ऋण प्राप्त करने के लिए  ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जायेगी। इस हेतु इच्छुक आवेदक को 8वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक की उम्र 18 से 45 के बीच होनी चाहिए तथा मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक अपना ऋण आवेदन एम. पी. ऑनलाईन के माध्यम से करके लाभ उठा सकते है। योजना के तहत सेवा खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख रूपये तक, साथ ही उद्योग निर्माण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक का ऋण प्राप्त कर सकते है। इस ऋण पर 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान की छूट मिलेगी।

आयोजित रोजगार मेले में जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकरी महिला बां.विवि, जिला रोजगार अधिकारी, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण, जिला अवसायी वित्त विकास निगम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, उप संचालक कृषि, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, उप संचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग, परियोजना अधिकारी उद्यानिकी विभाग को भी विभाग से संबंधित हितग्राही मूलक जन- कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाने हेतु निर्देशित किया गया है।

महापौर प्रीति सूरी,कलेक्टर अवि प्रसाद, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक तथा निगमायुक्त सत्येंद्र सिंह धाकरे ने जरूरतमंद हितग्राहियों एवं  शिक्षित बेरोजगारो से रविवार को आयोजित रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें