प्रसव के प्रकरणों में लापरवाही एवं ए.एन.सी के दौरान नियमानुसार जांच न करना पड़ा भारी,तीन सी.एच.ओ सहित दो ए.एन.एम से स्पटीकरण तलब
(कटनी)- कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा बीते सोमवार को प्रसव के रेफरल मामलों और स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के उपरांत गर्भवती महिलाओं की ए.एन.सी के दौरान नियमानुसार जांचे नहीं किये जाने एवं 108 एम्बुलेंस वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय रेफर करने वाली तीन सी.एच.ओ सहित दो ए.एन.एम पर गहन नाराजगी व्यक्त की गई है।
ए.एन.सी के दौरान नहीं की गई नियमानुसार जांचें
ब्लॉक बहोरीबंद के उपस्वास्थ्य केन्द्र पोडी में पदस्थ सी.एच.ओ. नितिन साहू एवं ए.एन.एम नूतन नामदेव द्वारा पोडी की गर्भवती महिला की ए.एन.सी के दौरान मात्र दो ही जांच की गई थी। इसी तरह ब्लॉक विजयराघवगढ़ के उपस्वास्थ्य केन्द्र नन्हवारा में पदस्थ सी.एच.ओ प्रीति साहू एवं ए.एन.एम. सीमा भलावी व बड़वारा उपस्वास्थ्य केन्द्र जगुआं की सी.एच.ओ सीना मोजिस के द्वारा भी गर्भवती महिलाओं की ए.एन.सी के दौरान एक भी जांच नहीं किया जाना पाया गया। तथा 108 एम्बुलेंस वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय रेफर किये जाने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री मुडि़या को स्पष्टीकरण तलब करनें के निर्देश दिए गए।
दो दिवस में प्रस्तुत करें जवाब
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रदीप मुडि़या नें विजयराघवगढ़ सी.एच.ओ प्रीति साहू एवं ए.एन.एम सीमा भलावी, बड़वारा सी.एच.ओ. सीना मोजिस सहित बहोरीबंद सी.एच.ओ नितिन साहू एवं ए.एन.एम नूतन नामदेव को कारण बताओ नोटिस जारी कर 2 दिनों में जवाब प्रस्तुत करने की हिदायत दी गई है। जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर इनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिसके लिए ये स्वतरू जिम्मेदार होंगी।
विदित हो कि कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने सहित प्रसव के रेफरल प्रकरणों की निरन्तर समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर अवि प्रसाद ने स्वास्थ्य महकमें को दो टूक हिदायत दी है, कि प्रसव के रेफरल प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गर्भवती महिला की ए.एन.सी के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी जांचें करने तथा इन सब मामलों में कोताही बरतने पर कड़ी कार्यवाही किये जानें के निर्देश दे रखे है।

