शासकीय महाविद्यालय बड़वारा में यातायात सुरक्षा अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
(कटनी) पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.)के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी संतोष डेहरिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में शासकीय महाविद्यालय बड़वारा में यातायात सुरक्षा अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, थाना प्रभारी बड़वारा के.के. पटेल सहित महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दी गई प्रमुख जानकारियां:
1. हेलमेट की अनिवार्यता
थाना प्रभारी के.के. पटेल द्वारा बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय ISI मार्क हेलमेट पहनना अनिवार्य है। “हेलमेट नहीं तो वाहन नहीं” के नियम का पालन करने एवं बिना हेलमेट वाहन न चलाने की सख्त अपील की गई।
2. राहगीर योजना (Good Samaritan Scheme) सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले राहगीर को शासन द्वारा ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा किसी प्रकार की पूछताछ नहीं की जाती।
3. पीएम श्री योजना – दुर्घटना पीड़ितों का कैशलेस इलाज सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को “गोल्डन आवर” (दुर्घटना के पहले 1 घंटे) के भीतर ₹1.5 लाख तक का कैशलेस उपचार शासकीय एवं चिन्हित निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है। यह सुविधा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दी जा रही है।
4. जनजागरूकता का आह्वान महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी लोगों को हेलमेट उपयोग, राहगीर योजना तथा दुर्घटना सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
