समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक: योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसुविधाओं पर कलेक्टर का जोर

Advertisement

(सीधी) कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों तथा समय पर पूर्ण किए जाएं। गेहूं उपार्जन के संदर्भ में कलेक्टर ने कृषकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उपार्जन केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही “कृषि कल्याण वर्ष” के अंतर्गत आयोजित कृषि चौपाल कार्यक्रमों को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं की सही जानकारी एवं लाभ मिल सके।

जनसुनवाई कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने तहसील स्तर पर इनकी प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने को कहा, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने आगामी जनगणना कार्य को भी प्राथमिकता में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने 5 शिकायतकर्ताओं से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याओं के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें