रंगमंच पर जीवंत होगी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी बंका बैगा की गौरवगाथा

“भारत स्पीक्स थ्रू थिएटर – युवा रंगमंच से राष्ट्र जागरण” अभियान के तहत 15 जुलाई को गांधीग्राम में होगा भव्य आयोजन

(सीधी) वंदे मातरम् राष्ट्रगीत की सार्धशती के उपलक्ष्य में आयोजित “भारत स्पीक्स थ्रू थिएटर – युवा रंगमंच से राष्ट्र जागरण” अभियान के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत गांधीग्राम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बांकेलाल उर्फ़ ‘बंका बैगा’ के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित भव्य रंगमंचीय नाटक “बंका बैगा” का मंचन किया जाएगा। यह आयोजन संगीत नाटक अकादेमी, नई दिल्ली एवं इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।यह रंगमंचीय प्रस्तुति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अमूल्य योगदान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित है। नाटक के माध्यम से बंका बैगा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की प्रेरक गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के गौरवपूर्ण योगदान से परिचित हो सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 3:00 बजे बंका बैगा की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि एवं सैला जनजातीय नृत्य के साथ होगा। इसके पश्चात 4:30 बजे तोरण द्वार से कार्यक्रम स्थल तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

सायं 5:00 बजे भजन, निर्गुण एवं देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी तथा सायं 6:00 बजे बहुप्रतीक्षित रंगमंचीय नाटक “बंका बैगा” का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं संस्कृति प्रेमियों से इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें