केन्द्रीय सहकारी बैंक की बकाया वसूली हेतु चलेगा अभियान
(राजगढ़) कलेक्टर प्रशासक जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित राजगढ़ श्री हर्ष दीक्षित ने निर्देशित किया है कि केन्द्रीय सहाकारी बैंक की ऋण राशि की वसूली बहुत अधिक बकाया है। शाखा प्रबंधक एवं समिति प्रबंधक ऋण वसूलियों में गति लाएं। वे अपने क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदारों से सम्पर्क करें। बड़े बकायादारों के विरूद्ध आर.आर.सी. जारी कराएं। भू-राजस्व की बकाया की तरह वसूलियां कराएं। उन्होंने यह निर्देश आज यहां जिला केन्द्रीय सहाकारी बैंक मर्यादित राजगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में दिए। इस मौके पर महा प्रबंधक केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित उप संचालक एवं सहायक संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, केन्द्रीय सहकारी बैंक के समस्त शाखा प्रबंधक एवं साख सहकारी समितियों के प्रबंधक मौजूद रहे।
इसके साथ ही उन्होंने समिति प्रबंधकों से कहा कि वे रसायनिक उर्वरकों के अग्रिम उठाव के लिए कृषकों से सम्पर्क करें, उन्हे प्रेरित करें एवं उर्वरकों का अग्रिम उठाव सुनिष्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कृषक बंधु यदि आवश्यक उर्वरक का अग्रिम उठाव करेंगे तो उन्हें जरूरत के समय अनावश्यक पेरशान नहीं होना पड़ेगा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रसायनिक उर्वरक एन.पी.के. में नाईट्रोजन, पोटास एवं फास्फोरस रहता है। यह डी.ए.पी. से बेहतर है। इसका डी.ए.पी. उर्वरक के स्थान पर उपयोग करने किसानों को समझाईष दें। इससे फसल उत्पादन की लागत में कमी आएगी और मुनाफा बढ़ेगा। उन्होंने कृषक बंधुओं से भी एक सप्ताह के भीतर रसायनिक उर्वरक का अग्रिम उठाव करने की बात कही। उन्होंने समिति प्रबंधकों को ‘‘पहले आओ पहले पाओ‘‘ के आधार पर कृषकों को उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उन्होंने फसल बीमा योजनान्तर्गत मिसमेच डाटा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ 2019 के बैंक द्वारा त्रृटिपूर्ण इंट्री का बीमा कम्पनी द्वारा रिजेक्ट किए प्रकरणों तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ 2017 के बैंक द्वारा त्रृटिपूर्ण इंट्री अथवा पोर्टल पर इंट्री नही करने पर योजना के प्रावधानों के अनुरूप दावा राशि अधिरोपित करने विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
