सीधी के कुसमी में इंद्रभान द्विवेदी की हत्या: समाज के लिए गंभीर चेतावनी
(सीधी) सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में इंद्रभान द्विवेदी की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की संवेदनशीलता और सामाजिक ताने-बाने पर गहरा आघात है। किसी भी पुजारी, किसी भी नागरिक या किसी भी समुदाय से जुड़े व्यक्ति की हत्या सभ्य समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक विषय है।
समाज में यदि लगातार कटु भाषा, धार्मिक प्रतीकों के अपमान और किसी भी वर्ग विशेष के प्रति घृणा फैलाने वाली बयानबाज़ी होगी, तो उसका दुष्परिणाम निश्चित रूप से सामाजिक तनाव के रूप में सामने आएगा। विचारों का मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन घृणा और हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
यह आवश्यक है कि किसी भी घटना को जाति या धर्म के चश्मे से देखने के बजाय उसे कानून-व्यवस्था और मानवता के दृष्टिकोण से देखा जाए। हत्या, हत्या होती है—वह किसी ब्राह्मण की हो, दलित की हो, मुस्लिम की हो या किसी अन्य समाज के व्यक्ति की। हर नागरिक का जीवन समान रूप से मूल्यवान है।
राजनीतिक मंचों से दिए जाने वाले शब्दों का प्रभाव समाज पर पड़ता है। इसलिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे समाज को जोड़ने वाली भाषा का उपयोग करें, न कि तोड़ने वाली।
आज आवश्यकता इस बात की है कि—
घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच हो
दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले
समाज में शांति और विश्वास बहाल किया जाए
भारत विविधताओं का देश है। इसे जातीय या धार्मिक विभाजन के आधार पर नहीं, बल्कि संविधान और आपसी सम्मान के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। किसी भी प्रकार की हिंसा, चाहे वह किसी भी समुदाय के खिलाफ हो, राष्ट्र को कमजोर करती है।
यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि न्याय और सामाजिक समरसता का है।
-उमेश गौतम
संपादक, समग्र प्रदेश
