100 करोड़ में बन रहा भोपाल का भव्य हनुमान लोक! मंत्री विश्वास सारंग ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण
दर्शनार्थियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, पुराने गर्भगृह को बिना छेड़े होगा मंदिर परिसर का विस्तार
भोपाल | RPKP INDIA NEWS राजधानी भोपाल के छोला स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से नई पहचान देने के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर का निर्माण तेजी से जारी है। बुधवार को सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पुराने गर्भगृह की पहचान रहेगी बरकरार
मंत्री सारंग ने स्पष्ट किया कि मंदिर के मूल गर्भगृह की संरचना और धार्मिक स्वरूप में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आसपास के क्षेत्र का आधुनिक तरीके से विस्तार किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
भक्तों को मिलेगा आसान और सुरक्षित दर्शन
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल मंदिर का विस्तार करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए निर्माण एजेंसियों को चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यूनतम विस्थापन और बेहतर यातायात व्यवस्था पर जोर
निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। मंत्री सारंग ने कहा कि परियोजना के दौरान न्यूनतम विस्थापन सुनिश्चित किया जाए और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
21 एकड़ में बनेगा भव्य हनुमान लोक
करीब 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर राजस्थान के व्हाइट मार्बल और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला पर आधारित होगा। परिसर में सुंदरकांड की झलक प्रस्तुत करने वाला विशेष कॉरिडोर भी बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा परिसर
परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए भव्य कॉरिडोर, दर्शक दीर्घा, आधुनिक पार्किंग, चौड़ी सड़कें, सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर अधोसंरचना और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही दशहरा मैदान के खुले स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा।
भोपाल की नई धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनेगा हनुमान लोक
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का संगम है। यह परियोजना “विरासत भी, विकास भी” की सोच को साकार करेगी और भविष्य में भोपाल को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाएगी।

