दतिया उपचुनाव की तैयारियां तेज: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा, मतदान जागरूकता अभियान तेज करने पर दिया जोर
भोपाल/दतिया | RPKP INDIA NEWS मध्यप्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दतिया जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में श्री झा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचुनाव से जुड़े सभी कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
मतदाताओं को जागरूक करने पर विशेष जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, कमजोर (Vulnerable) मतदान क्षेत्रों की निगरानी, बॉन्ड ओवर की कार्रवाई, अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर सघन जांच, अवैध हथियारों की जब्ती तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पेड न्यूज और आचार संहिता उल्लंघन पर रहेगी सख्त नजर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, पेड न्यूज और चुनाव से संबंधित शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी, संजय कुमार श्रीवास्तव, राजेश यादव सहित निर्वाचन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

