आपको क्या मिला…..??? विज्ञापन का चक्रव्यूह: पहले सपने बेचो, फिर जरूरतें… और आखिर में टेंशन का इलाज भी!

(कैमोर) आज के दौर में टीवी खोलिए या मोबाइल स्क्रॉल कीजिए, हर तरफ एक ही चेहरा बार-बार नजर आता है
-और वह हैं Amitabh Bachchan। कभी वे हॉट सीट पर बैठकर “Kaun Banega Crorepati में करोड़पति बनने का सपना दिखाते हैं”, तो “कभी Kalyan Jewellers से सोना खरीदने की सलाह” देते हैं। फिर “उसी सोने को Muthoot Finance में गिरवी रखकर कर्ज लेने का विकल्प भी सामने रखते” हैं। “कर्ज का तनाव बढ़े तो Navratna Oil लगाने की सलाह”, और अगर “तेल कपड़ों पर गिर जाए तो Ghadi Detergent से धोने का” उपाय!

सवाल यह नहीं कि ये कंपनियां गलत हैं। सवाल यह है कि एक ही चेहरा हर समस्या का समाधान कैसे बन जाता है?? पहले आपको अमीर बनने का सपना दिखाया जाता है, फिर खरीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है। जब जेब हल्की हो जाती है तो लोन का रास्ता बताया जाता है। लोन का तनाव आए तो दिमाग ठंडा रखने का तेल, और तेल से दाग लगे तो डिटर्जेंट! यानी समस्या भी वही बनाए, समाधान भी वही बताए।

विज्ञापन की दुनिया भावनाओं पर चलती है। यहां तर्क कम और भरोसा ज्यादा बिकता है। बड़े सितारों की छवि का इस्तेमाल कर कंपनियां अपने उत्पादों को विश्वसनीय बनाती हैं। आम आदमी सोचता है—“अगर इतने बड़े स्टार कह रहे हैं, तो सही ही होगा।” यही मनोविज्ञान मार्केटिंग की असली ताकत है।

लेकिन हमें समझना होगा कि विज्ञापन का उद्देश्य आपका भला करना नहीं, बल्कि उत्पाद बेचना है। कोई भी सेलिब्रिटी हर प्रोडक्ट को व्यक्तिगत रूप से इस्तेमाल नहीं करता, वे ब्रांड एंबेसडर होते हैं। उनका काम है भरोसा पैदा करना, और हमारा काम है समझदारी से निर्णय लेना।

आज जरूरत है जागरूक उपभोक्ता बनने की। अगर पैसा जीतना है तो मेहनत से कमाइए, निवेश सोच-समझकर कीजिए। सोना खरीदना है तो अपनी क्षमता के अनुसार। कर्ज लेना है तो शर्तें पढ़कर। और तनाव दूर करना है तो जीवनशैली सुधारकर-न कि सिर्फ तेल लगाकर।
विज्ञापन देखिए, मुस्कुराइए, लेकिन आंख मूंदकर विश्वास मत कीजिए। क्योंकि असली “करोड़पति” वही है जो अपने फैसले खुद लेता है, ना कि हर ब्रेक में बदलती सलाह के आधार पर।

आखिरकार, टीवी का रिमोट आपके हाथ में है-और जिंदगी की दिशा भी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें